OnePlus ने हाल ही में अपने नए TWS इयरफोन्स OnePlus Nord Buds 3 को लॉन्च किया है। यह ब्रांड के Nord Buds 2 का सक्सेसर है, और इसे खासतौर पर उन यूज़र्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो कम बजट में प्रीमियम फीचर्स की तलाश में हैं। 2299 रुपये की कीमत में आने वाले इन इयरफोन्स में 32dB ANC (Active Noise Cancellation), 12.44mm डायनैमिक ड्राइवर, और लंबी बैटरी लाइफ जैसे फीचर्स दिए गए हैं। तो आइए, जानते हैं कि इन बड्स के साथ क्या खास है और क्या ये आपके लिए सही हैं?
बॉक्स में क्या मिलेगा?
OnePlus Nord Buds 3 के बॉक्स में आपको कुछ बेसिक एक्सेसरीज़ मिलती हैं। इनमें स्टिकर्स, चार्जिंग के लिए टाइप-सी केबल, सिलिकॉन इयरटिप्स, और सेफ्टी व वारंटी कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा, आपको इन बड्स का हारमोनिक ग्रे कलर वेरिएंट मिलेगा, जबकि मेलोडिक वाइट कलर वेरिएंट भी उपलब्ध है।

डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
OnePlus Nord Buds 3 का डिज़ाइन काफी आकर्षक और प्रीमियम लगता है। इनका केस ओवल शेप में है, जिसे कंपनी ने थोड़ा अलग तरीके से डिजाइन किया है, जो देखने में अच्छा लगता है। इसके केस में टाइम-सी चार्जिंग पोर्ट है और एक पेयरिंग बटन भी दिया गया है, जो इस बजट में कम देखने को मिलता है। केस की बिल्ड क्वालिटी भी अच्छी है और डिजाइन में बदलाव के साथ इसे ज्यादा प्रीमियम लुक दिया गया है।
कुल मिलाकर, OnePlus Nord Buds 3 का डिजाइन उपयोगकर्ताओं को एक प्रीमियम फील देता है, और इसका टाइटनाइज्ड डायनैमिक ड्राइवर भी इसके ऑडियो एक्सपीरियंस को बेहतर बनाता है।

पेयरिंग और कनेक्टिविटी
इन बड्स की कनेक्टिविटी काफी सरल और तेज है। यदि आप OnePlus यूजर हैं, तो आपको इसे कनेक्ट करने में कोई परेशानी नहीं होगी, क्योंकि यह ऑटोमेटिकली ब्लूटूथ 5.4 के जरिए जुड़ जाएगा। अगर आप किसी अन्य डिवाइस के साथ कनेक्ट करना चाहते हैं, तो आपको पेयरिंग मोड ऑन करना पड़ेगा, जिसके लिए बड्स के केस को ओपन कर पेयरिंग बटन को लॉन्ग प्रेस करना होगा।
इसके अलावा, OnePlus Nord Buds 3 में डुअल कनेक्टिविटी का फीचर भी दिया गया है, जो आपको एक साथ दो डिवाइसेस पर कनेक्ट रहने की सुविधा देता है। बड्स के कंट्रोल्स भी बेहद सुलझे हुए हैं। आप सिंगल टैप करके म्यूजिक प्ले या पॉज़ कर सकते हैं, डबल टैप करके नेक्स्ट ट्रैक पर जा सकते हैं, और लॉन्ग प्रेस करके ANC को एक्टिवेट कर सकते हैं।

परफॉर्मेंस और ऑडियो एक्सपीरियंस
OnePlus Nord Buds 3 में 12.44mm का टाइटनाइज्ड डायनैमिक ड्राइवर दिया गया है, जो शार्प और तेज म्यूजिक एक्सपीरियंस प्रदान करता है। इसमें BassWave फीचर भी है, जो बास को बेहतर बनाने के लिए काम आता है। इसके अलावा, 3D ऑडियो का फीचर भी यूज़र्स को मिलता है, जो ऑडियो को और भी इमर्सिव बनाता है।
हालांकि, Active Noise Cancellation (ANC) बहुत ज्यादा प्रभावी नहीं है। जब आप ANC को एक्टिवेट करते हैं, तो आसपास का शोर कम होता है, लेकिन पूरी तरह से ब्लॉक नहीं होता। फिर भी, पिछले वर्जन के मुकाबले इसमें ANC को बेहतर किया गया है, जो एक अच्छा संकेत है।

बैटरी लाइफ
OnePlus Nord Buds 3 की बैटरी लाइफ भी काफ़ी अच्छी है। इसमें 58mAh की बैटरी दी गई है, जो आपको 6 से 7 घंटे तक की बैटरी लाइफ देती है। हालांकि, ANC के उपयोग में यह थोड़ी कम हो जाती है। इसके केस में 440mAh की बैटरी है, जो पूरे केस को चार्ज करके आपको 40 घंटे तक की बैटरी लाइफ देती है।
अगर आप OnePlus के यूजर नहीं हैं, तो बेहतर कनेक्टिविटी और कंट्रोल्स के लिए आपको HeyMelody ऐप डाउनलोड करना पड़ेगा।

बॉटम लाइन: क्या आपको OnePlus Nord Buds 3 खरीदना चाहिए?
OnePlus Nord Buds 3 की कीमत 2299 रुपये है, और इस पर 200 रुपये का डिस्काउंट भी मिल रहा है। इस कीमत में आपको प्रीमियम डिजाइन, अच्छी बिल्ड क्वालिटी, और शानदार ऑडियो एक्सपीरियंस मिलता है। बैटरी लाइफ भी प्रभावशाली है, और कनेक्टिविटी में भी कोई दिक्कत नहीं होती। हालांकि, ANC का प्रदर्शन बेहतर हो सकता था, लेकिन इसे बजट में देखते हुए यह एक अच्छा पैकेज है।
यदि आप कम बजट में प्रीमियम लुक और फील वाले इयरबड्स चाहते हैं, तो OnePlus Nord Buds 3 एक बेहतरीन विकल्प है।
